home page

हाईवे किनारे अवैध शराब और नकली पेट्रोल बनाने की आशंका, बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ बरामद

 | 
हाईवे किनारे अवैध शराब और नकली पेट्रोल बनाने की आशंका, बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ बरामद


ग्वालियर, 07 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में आबकारी विभाग ने सोमवार को मोहना हाईवे पर कार्रवाई कर अवैध शराब निर्माण और पेट्रोल में मिलावट किए जाने की आशंका वाले ठिकाने का खुलासा किया है। महाकाल ढाबे के पास दो कमरों के एक मकान से विभाग की टीम ने बड़ी मात्रा में इथेनॉल, शराब, पेट्रोल और थिनर बरामद किया है। कार्रवाई के बाद मामले की जांच पुलिस को सौंप दी गई है।

आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि मोहना हाईवे पर महाकाल ढाबे के आसपास अवैध रूप से शराब से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना की पुष्टि के बाद विभागीय टीम ने रविवार देर रात संबंधित स्थान पर दबिश दी। मकान के दो कमरों की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में ज्वलनशील और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई।

2600 लीटर इथेनॉल और 63 बल्क लीटर शराब जब्त

कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग ने करीब 2600 लीटर ओपी यानी इथेनॉल बरामद किया। इसके अलावा 63 बल्क लीटर शराब भी मिली। अधिकारियों के अनुसार बरामद इथेनॉल से करीब 32 लाख रुपये कीमत की शराब तैयार की जा सकती थी। इतनी बड़ी मात्रा में कच्चा माल मिलने के बाद यहां अवैध शराब तैयार किए जाने की आशंका जताई गई है।

मौके से 20 ड्रम पेट्रोल और 18 ड्रम थिनर भी बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन पदार्थों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था और क्या इन्हें मिलाकर वाहनों में इस्तेमाल के लिए कोई मिश्रण तैयार किया जाता था।

हाईवे से गुजरने वाले वाहनों को बिक्री की आशंका

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि कथित तौर पर तैयार किए जाने वाले मिश्रण को मोहना हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को बेचने की योजना थी। हालांकि पुलिस अब इस संबंध में विस्तृत जांच कर रही है कि यह गतिविधि कब से संचालित थी और तैयार सामग्री को कहां-कहां खपाया जाता था।

हाईवे किनारे पेट्रोल, थिनर और इथेनॉल जैसे ज्वलनशील पदार्थों का एक साथ बड़ी मात्रा में रखा जाना भी सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर माना जा रहा है। आबकारी विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बरामद सामग्री पुलिस के सुपुर्द कर दी है।

चार आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज

मोहना थाना पुलिस ने मामले में विक्की धानुक, पप्पी उर्फ अनिल शर्मा, अन्ना उर्फ अरुण शर्मा और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मकान में अवैध गतिविधियां कब से चल रही थीं, इथेनॉल, पेट्रोल और थिनर कहां से लाए जाते थे तथा कथित रूप से तैयार शराब और पेट्रोल को किन लोगों तक पहुंचाया जाता था।

जांच में आरोपितों के संभावित नेटवर्क और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की उम्मीद है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा