मोरंग खदान में पोकलैंड ऑपरेटर की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका
बांदा, 25 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में गिरवां थाना क्षेत्र अंतर्गत कोलावल स्थित मोरंग खदान में कार्यरत एक पोकलैंड मशीन चालक का शव संदिग्ध हालात में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान महोबा जनपद के सिरसी कला निवासी 20 वर्षीय शनि उर्फ सोनी पुत्र लल्लू पाल के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि शनि का शव खदान परिसर में खड़ी पोकलैंड मशीन के पास पड़ा मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज, बांदा भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर और चेहरे पर गहरी चोटों के निशान पाए गए हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि शनि की धारदार हथियार और लोहे की रॉड से हमला कर हत्या की गई और बाद में शव को खदान में डाल दिया गया। घटना को लेकर परिवार में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, शनि पिछले करीब तीन महीनों से कोलावल खदान में पोकलैंड मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। वह अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा था। परिवार में दो बड़े भाई और एक बहन हैं। पिता लल्लू पाल मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी नरैनी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बुधवार काे बताया कि आज खदान प्रबंधक द्वारा थाना गिरवां में सूचना दी गई थी कि खदान में संचालित पोकलैंड मशीन का ऑपरेटर वाहन में मृत अवस्था में मिला है।
पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से तकनीकी, वैज्ञानिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। मृतक की आंख में चोट के निशान भी पाए गए हैं।
परिजनों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और शक के आधार पर चार से पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर कार्रवाई में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

