home page

सहायक प्रशासनिक अधिकारी से 28 हजार की संदिग्ध नकदी जब्त

 | 
सहायक प्रशासनिक अधिकारी से 28 हजार की संदिग्ध नकदी जब्त


जयपुर, 04 अगस्त (हि.स.)

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने राजसमंद जिला परिवहन कार्यालय में कार्यरत सहायक प्रशासनिक अधिकारी दिनेश कलोलिया के खिलाफ आकस्मिक चैकिंग अभियान चलाते हुए उनकी निजी कार और जामा तलाशी से 28 हजार 110 की संदिग्ध नकद राशि बरामद कर जब्त की है। राशि के संबंध में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर इसे वजह सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया। मामले में एसीबी ने आगे की जांच शुरू कर दी है तथा उदयपुर स्थित उनके आवास पर भी तलाशी की कार्रवाई की जा रही है।

एसीबी मुख्यालय के निर्देशानुसार यह कार्रवाई एसीबी चौकी चित्तौड़गढ़ की टीम ने सूचना के आधार पर की।

एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि सूचना मिली थी कि राजसमंद जिला परिवहन कार्यालय में कार्यरत सहायक प्रशासनिक अधिकारी दिनेश कलोलिया कथित रूप से अवैध वसूली कर कार्यालय समय समाप्त होने के बाद अपनी निजी कार से राजसमंद से उदयपुर की ओर रवाना होंगे। सूचना के सत्यापन के बाद आकस्मिक चैकिंग की योजना बनाई गई।

योजना के तहत डॉ. रामेश्वर सिंह, उप महानिरीक्षक पुलिस, एसीबी के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल स्वरूप मेवाड़ा के नेतृत्व में एसीबी टीम ने नेगड़िया श्रीनाथजी उदयपुर प्राइवेट लिमिटेड टोल प्लाजा पर वाहन को रुकवाया। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड तथा दिनेश कलोलिया की जामा तलाशी में कुल 28 हजार 110 नकद बरामद हुए। पूछताछ के दौरान अधिकारी इस राशि के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद एसीबी ने राशि को संदिग्ध मानते हुए वजह सबूत जब्त कर लिया।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर मुख्यालय के निर्देश पर संदिग्ध अधिकारी के उदयपुर स्थित आवास पर भी तलाशी की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश