उमरिया: पुलिस हिरासत से संदेही फरार, लूट के सामान खरीदने के शक में लाई गई थी पुलिस
उमरिया, 20 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के इंदवार थाना परिसर से एक संदेही के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और फरार युवक की तलाश शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, 10 मई को पाली थाना क्षेत्र के घुनघुटी अंतर्गत ग्राम चौरी में एक सराफा व्यापारी से लाखों रुपये की लूट की वारदात हुई थी। मामले में घुनघुटी पुलिस ने सत्यम बसदेवा निवासी कटनी और नागेश बसदेवा निवासी ग्राम चिमटा, जिला उमरिया को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने इंदवार थाना क्षेत्र के ग्राम पलझा में भी लूट की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद इंदवार पुलिस दोनों को न्यायालय से रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही थी।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस कटनी जिले के बरही निवासी बंटी ताम्रकार (35) को लूट और चोरी का सामान खरीदने के संदेह में पूछताछ के लिए इंदवार थाने लाई थी। इसी दौरान बंटी पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गया।
बुधवार को इंदवार थाने में पदस्थ एएसआई अमर सिंह ने बताया कि बंटी ताम्रकार फिलहाल आरोपी नहीं, बल्कि संदेही के रूप में पूछताछ के लिए लाया गया था। उन्होंने कहा कि उसके फरार होने के बाद पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
घटना के बाद पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। लगातार पुलिस अभिरक्षा से आरोपियों और संदिग्धों के फरार होने की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े कर रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र त्रिपाठी

