सूर्या हॉस्पिटल के मैनेजर,लेखापाल सहित अन्य पर 80 लाख रूपये गबन की थाना में मामला दर्ज,छापेमारी जारी
सहरसा, 18 मार्च (हि.स.)। सूर्या हास्पीटल के मैनेजर व लेखापाल की मिलीभगत से सूर्या हास्पीटल से लाखों रूपये गबन किए जाने का एक मामला प्रकाश में आया है। इस संदंर्भ में सूर्या हास्पीटल के निदेशक डा. विजय शंकर ने सदर थाना में आवेदन देकर नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है। सदर थाना को दिए गए आवेदन में कहा कि सूर्या हास्पीटल में सुसोनु कुमार मैनेजर एवं एलेन फिडेलिस लेखापाल के रूप में वर्षों से कार्यरत था।
प्रबंधक व लेखापाल दोनों मिलकर ही मरीजों से पैसों का लेनदेन करते थे। पिछले पांच वर्षों में मिलीभगत कर कंप्यूटर में छेड़छाड़ कर करीब 70-80 लाख रूपये का गबन कर लिया है। पिछले पांच वर्षों के दौरान प्रबंधक व लेखापाल ने सूर्या हास्पीटल से लाखों रूपये का बंदरबांट आपस में कर लिया। 8 फरवरी 26 को जब रोगियों द्वारा जमा किए गए रूपये एवं दिए गए रूपये का हिसाब किया तो दोनों में विरोधाभास लगा। इसके बाद 9 फरवरी को दोनों को बुलाकर जब विश्वास में लेकर पूछताछ किया तो दोनों ने स्वीकार किया कि हमदोनाें पिछले पांच वर्षों से कंप्यूटर में छेड़छाड़ कर धोखाधड़ी एवं ठगी करने की नीयत से अलग- अलग खाता बनाकर धोखाधड़ी कर रुपया गबन कर लेते थे।
निदेशक ने आवेदन में यह भी कहा कि दोनों आरोपितों ने कंप्यूटर का दो वर्ष का डाटा भी डिलीट कर दिया है। लेकिन तीन वर्ष के मिले डाटा के मुताबिक प्रबंधक सुसोनू व लेखापाल एलेन ने करीब 48 लाख रूपये का गबन कर लिया है। दोनेां ने यह भी कहा कि सूर्या हास्पीटल से किए गए गबन की राशि से घर निर्माण सहित परिवारवालों पर पैसा खर्च कर दिया।
सुसोनु ने कहा कि उसी पैसे से अपनी पत्नी को दुकान खुलवाया। गबन व चोरी की बात स्वीकार करने पर सुसोनु कुमार ने 2 लाख 22 हजार रूपये एवं एलेन ने 2 लाख 63 हजार रूपये वापस लौटाए। शेष राशि के लिए एक पखवाडा़ का समय मांगा। समय की अवधि पूरी होने के बाद भी गबन की हुई राशि नहीं लौटाए जाने पर निदेशक ने सदर थाना में आरोपितों के विरूद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है।
इधर सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने कहा कि गबन व धोखाधड़ी के मामले केा लेकर सुसोनु कुमार, पिता नागेश्वर ठाकुर, पत्नी रानी देवी, भाई रीतु कुमार, एलेन फिडेलिस, पत्नी पूजा कुमारी, पिता जूलियस फिडेलिस, माता एडलिन फिडेलिस के विरूद्ध मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गयी है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

