राजगढ़ः 9 साल से फरार स्थायी वारंटी ने किया सरेंडर, 10 आपराधिक मामले दर्ज
राजगढ़, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के बोड़ा थाना में शनिवार को करीब नौ वर्ष से पुलिस की गिरफ्त से दूर चल रहा एक स्थायी वारंटी पहुंचा और आत्मसमर्पण किया। आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम, शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और बलवा सहित विभिन्न धाराओं में 10 मामले दर्ज हैं।
थानाप्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत ग्राम गुलखेड़ी, कड़िया और हुलखेड़ी में लगातार संपर्क और समझाइश का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान ग्राम गुलखेड़ी निवासी माखन पिता रामप्रसाद सांसी, जो पिछले नौ वर्षों से विभिन्न मामलों में फरार चल रहा था, जो स्वयं बोडा थाने पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपित लंबे समय से अलग- अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था। थाना में आरोपित के खिलाफ 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत पांच प्रकरण, भारतीय दंड संहिता की धारा 353 के तीन प्रकरण तथा मारपीट और बलवा के दो मामले दर्ज हैं। इन मामलों में उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी जारी थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विशेष अभियान का उद्देश्य केवल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उन्हें अपराध छोड़कर कानून की मुख्यधारा से जोड़ना भी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

