अम्बिकापुर : पड़ोसी ने महिला को डंडों से पीटकर मार डाला, गुपचुप अंतिम संस्कार की साजिश नाकाम, आरोपित गिरफ्तार
अम्बिकापुर, 27 अगस्त (हि.स.)। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना अंतर्गत अटल आवास (खाल बगीचा) में चोरी के मामूली संदेह ने एक महिला की जान ले ली। 38 वर्षीय आरोपित संजय चौहान ने पड़ोस में रहने वाली मानकी उर्फ संतोषी यादव पर चोरी का आरोप लगाकर डंडों से इतनी बेरहमी से हमला किया कि उसका पैर टूट गया। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महिला घंटों बेसुध पड़ी रही और समय पर इलाज न मिलने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मामले को दबाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से अपने साथियों के साथ मिलकर आनन-फानन में कफन-दफन की तैयारी में जुट गया। हालांकि, स्थानीय मोहल्लेवासियों की सतर्कता से यह साजिश नाकाम हो गई। सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और आरोपित को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपित संजय चौहान ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। मृतका के पति संतोष कुमार यादव की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अखिलेश सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल यादव व पुलिस टीम ने कार्रवाई पूरी की; शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार सुबह कराया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

