अम्बिकापुर : नाबालिग से दुष्कर्म के फरार आरोपित पर पांच हजार का इनाम घोषित
- 12 बोर बंदूक जब्त और संपत्ति कुर्की की तैयारी
अम्बिकापुर, 01 अगस्त (हि.स.)। सरगुजा जिले के अम्बिकापुर कोतवाली थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपित तरुण जायसवाल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस उप-महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम आरोपित की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी में सहयोग करने या सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 5,000 रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपित के खिलाफ चौतरफा शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विवेचना को प्रभावित होने से रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक की अनुसंशा पर आरोपित का शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने आरोपित के भफौली स्थित निवास से उसका लाइसेंसी 12 बोर बंदूक (डीबीबीएल) और लाइसेंस जब्त कर लिया है, जिसे परिजनों ने पुलिस के समक्ष पेश किया।
घटना के बाद से क्षेत्र के आम जनमानस में भारी आक्रोश है। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने राजस्व विभाग से संपर्क कर आरोपित तरुण जायसवाल की चल-अचल संपत्ति का ब्योरा मांगा है, ताकि कुर्की की कार्यवाही की जा सके। इसके साथ ही ग्राम भफौली में आरोपित द्वारा किए गए अवैध भूमि अतिक्रमण का मौका सत्यापन कराने के लिए भी प्रतिवेदन भेजा गया है।
सरगुजा पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि, आरोपित को छिपाने, मदद करने या शरण देने वाले व्यक्तियों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। फरार आरोपित को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा, वहीं उसे शरण देने या किसी भी तरह की सहायता पहुंचाने वालों के खिलाफ भी सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

