अम्बिकापुर : 500 सीसीटीवी कैमरे, 3 राज्य और 10 दिन का सर्च ऑपरेशन, पुलिस ने ओडिशा से बरामद किए 46 लाख के चोरी हुए जेवरात
अम्बिकापुर, 17 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की सीतापुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने एक करोड़ रुपये की सनसनीखेज उठाईगिरी के मामले का आज पर्दाफाश करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के ठिकाने से करीब 46 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
तीन राज्यों छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने और 10 दिनों तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस आरोपितों की शिनाख्त कर उनके घर तक पहुंचने में कामयाब रही।
यह वारदात 26 जुलाई 2026 की सुबह सीतापुर हाईस्कूल के पास स्थित काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के सामने हुई थी। दुकान संचालक अरुणदेव सोनी जब अपनी स्कूटी के सामने जेवरात से भरा बैग रखकर दुकान का शटर खोल रहे थे, तभी पलक झपकते ही अज्ञात उठाईगीर बैग लेकर फरार हो गए थे। बैग में लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण मौजूद थे। पीड़ित की शिकायत पर थाना सीतापुर में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीआईजी व एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन और एएसपी रितेश चौधरी के नेतृत्व में साइबर सेल और सीतापुर थाने की एक विशेष संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया, जिसमें दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध बैग लेकर भागते दिखाई दिए। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनके भागने के रूट को ट्रैक किया, जो सरगुजा के गेरसा से जशपुर, झारखंड के सिमडेगा और फिर ओडिशा के सुंदरगढ़ व गंजाम तक जा रहा था। लगभग 500 कैमरों की पड़ताल और अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय के बाद मुख्य संदिग्धों की पहचान ओडिशा के गंजाम जिला निवासी चांटी दास (ग्राम सोर्डा) और नागेश्वर राव (निवासी नारायणपुर) के रूप में हुई।
आरोपितों की पुख्ता जानकारी मिलते ही आईजी दीपक कुमार झा और एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में संयुक्त पुलिस टीम ओडिशा के गंजाम जिले भेजी गई। वहां स्थानीय पुलिस और अधिकारियों के समन्वय से संभावित ठिकानों पर लगातार 10 दिनों तक दबिश दी गई। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि संदेही चांटी दास 16 अगस्त की रात अपने गांव आया था। पुलिस टीम जब उसके घर पहुंची तो वह फरार हो चुका था, लेकिन गवाहों की मौजूदगी में घर की विधिवत तलाशी लेने पर वहां छिपाकर रखे गए 300.92 ग्राम सोने के आभूषण (अनुमानित कीमत 43 लाख रुपये) तथा 1.168 किलोग्राम चांदी के जेवरात (अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये) बरामद कर लिए गए।
फिलहाल पुलिस ने 46 लाख रुपये का मशरूका जब्त कर लिया है और फरार आरोपित चांटी दास, नागेश्वर राव सहित गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में सरगर्मी से छापेमारी कर रही है। इस अंतरराज्यीय खुलासे में साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सीतापुर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह, उपनिरीक्षक रघुनाथ भगत, प्रशिक्षु उप निरीक्षक अनिल कुमार सहित साइबर सेल व थाना स्टाफ तथा ओडिशा के आश्का एसडीओपी सौरव रंजन प्रधान व स्थानीय पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

