सरगुजा : एक करोड़ के जेवर चोरी मामले में आरोपित पर पांच हज़ार रुपये का इनाम घोषित
अम्बिकापुर, 01 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में हुए एक करोड़ रुपये की बड़ी आभूषण चोरी के मामले में पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी जब अज्ञात आरोपित का कोई सुराग नहीं मिला, तो डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने आरोपित की गिरफ्तारी या उसके संबंध में सटीक जानकारी देने वाले के लिए 5,000 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
यह सनसनीखेज वारदात सीतापुर हाई स्कूल के पास स्थित 'श्री काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स' की है। पीड़ित व्यापारी अरुण देव सोनी के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 11:30 बजे वे अपनी दुकान का शटर खोल रहे थे। उस वक्त उन्होंने अपनी स्कूटी के आगे सोने-चांदी के गहनों से भरा बैग रखा हुआ था, जिसकी कुल कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये थी। इसी दौरान मौका पाकर एक अज्ञात चोर बैग लेकर फरार हो गया। पीड़ित की रिपोर्ट पर सीतापुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
लगातार प्रयासों के बावजूद जब आरोपित का पता नहीं चला, तो मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने पुलिस रेगुलेशन के पैरा 80-ए के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए इनाम की उद्घोषणा जारी की। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास भी इस घटना या फरार आरोपित के संबंध में कोई सार्थक जानकारी हो, तो वे सीधे पुलिस अधीक्षक (94791-93501), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (94791-93502) या पुलिस नियंत्रण कक्ष सरगुजा (94791-93599) पर संपर्क कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

