अंबिकापुर : फर्जी एपीके फाइलों से देशभर में ठगी करने वाले झारखंड के 6 अंतर्राज्यीय साइबर अपराधी गिरफ्तार
अंबिकापुर, 28 मई (हि.स.)। सरगुजा रेंज की साइबर पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए झारखंड के देवघर से 6 अंतर्राज्यीय साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। यह शातिर गिरोह देश भर में रोजाना लगभग 2500 लोगों को निशाना बनाता था। आरोपित 5G सिम अपडेट करने के बहाने पीड़ितों का ई-सिम एक्टिव कर लेते थे।
अंबिकापुर पुलिस ने आज जानकारी दी है कि इसके अलावा, वे 'पीएम आवास योजना', 'पीएम किसान योजना', 'आरटीओ चालान' और 'परिवहन' के नाम पर फर्जी एपीके फाइलें और लिंक भेजकर लोगों के मोबाइल हैक कर लेते थे। पुलिस ने इनके पास से 10 मोबाइल फोन, पासबुक, चेकबुक और 51 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब जशपुर जिले के पत्थलगांव निवासी उमेश खुटे ने 11 सितंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के मोबाइल पर एक लिंक भेजकर और 5जी सिम अपडेट करने का झांसा देकर उनके खाते से 5,53,900 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने मामले की जांच साइबर रेंज थाने को सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद, नगर पुलिस अधीक्षक और साइबर रेंज के नोडल अधिकारी राहुल बंसल के मार्गदर्शन में एक विशेष पुलिस टीम गठित कर देवघर भेजी गई, जिसने घेराबंदी कर इन 6 आरोपितों को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपितों ने कुबूल किया कि मुख्य आरोपित ने फर्जी एपीके फाइलें भेजने के लिए कई एजेंट रखे हुए थे, जो अब तक लाखों लोगों को शिकार बना चुके हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति इन लिंक्स या फाइलों पर क्लिक करता था, उनके मोबाइल का पूरा एक्सेस ठगों के पास चला जाता था। इसके बाद आरोपित पीड़ित के फोन पर आने वाले एसएमएस और ओटीपी को देखकर सीधे बैंक खातों से पैसे उड़ा लेते थे। इस मामले में भी प्रार्थी के मोबाइल का एक्सेस लेकर ई-सिम अप्लाई की गई और उसे अपने फोन में एक्टिव कर यूपीआई के जरिए रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर एटीएम से निकाल ली गई।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान संतोष कुमार दास, पप्पू महरा, प्रयाग दास, राजकुमार मण्डल, आर्यन कुमार और नित्यानंद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इसी गिरोह ने इससे पहले जशपुर के कांसाबेल इलाके में भी एक बैंक गार्ड की मदद से एक ग्राहक के फोन में फर्जी एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर 29,15,000 रुपये की बड़ी ठगी को अंजाम दिया था। उस मामले में भी दो आरोपितों को पहले ही न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर रेंज थाने के निरीक्षक अश्वनी सिंह, निरीक्षक कलीम खान और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

