home page

अंबिकापुर : तीन राज्यों में साइबर ठगी करने वाले 'म्यूल अकाउंट' गिरोह के चार आरोपित गिरफ्तार

 | 
अंबिकापुर : तीन राज्यों में साइबर ठगी करने वाले 'म्यूल अकाउंट' गिरोह के चार आरोपित गिरफ्तार


अंबिकापुर, 28 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में साइबर ठगों और फर्जी बैंक खाताधारकों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। पुलिस ने एक बड़े 'म्यूल अकाउंट' (दूसरों के नाम पर खुले फर्जी खाते) नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। थाना गांधीनगर पुलिस ने साइबर ठगी की रकम खपाने के तीन अलग-अलग मामलों में तत्परता दिखाते हुए कुल चार आरोपितों को गिरफ्तार कर गुरुवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जांच में सामने आया है कि इन आरोपितों के बैंक खातों के जरिए देश के तीन अलग-अलग राज्यों से कुल एक लाख 44 हजार 200 रुपये की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन (आहरण) किया गया था।

पहले मामले में गांधीनगर थाना प्रभारी और निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दर्रीपारा अंबिकापुर के रहने वाले 25 वर्षीय अभय रक्सेल को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र की अंबिकापुर शाखा में अपने नाम पर एक म्यूल अकाउंट खुलवाया था। इस खाते के खिलाफ उत्तर प्रदेश की साइबर पुलिस पोर्टल पर ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि साइबर ठगों द्वारा इस 'लेयर-1' खाते से 17,780 रुपये निकाले गए थे, जबकि खाते में मोटी रकम के कई अन्य संदिग्ध ट्रांजैक्शन भी पाए गए। पूछताछ में आरोपित ने कबूल किया कि उसने चंद रुपयों के लालच में अपना बैंक खाता और सिम कार्ड किसी अज्ञात व्यक्ति को बेच दिया था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपराध क्रमांक 313/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(4), 318(4) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

इसी तरह के दूसरे मामले में पुलिस ने शिकारी रोड (उरांवपारा, बौरीपारा, अंबिकापुर) के रहने वाले अंबिका खलखो को धर दबोचा है। अंबिका खलखो के बैंक खाते और उससे जुड़े मोबाइल नंबर का इस्तेमाल बिहार राज्य के एक नागरिक से साइबर ठगी करने के लिए किया गया था। बिहार पुलिस की शिकायत और केंद्रीय साइबर पोर्टल से मिले इनपुट के बाद गांधीनगर पुलिस ने कार्रवाई की। इस खाते से करीब 31,420 रुपये की ठगी की रकम का आहरण किया गया था। आरोपित के खिलाफ थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 314/2026 और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में इस आरोपित ने भी अपना खाता किसी दूसरे व्यक्ति को बेचना स्वीकार किया है।

तीसरे और सबसे बड़े मामले में पुलिस ने दो शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनके तार सीधे तेलंगाना राज्य से जुड़े हुए थे। पुलिस ने सरगवां (सकालो, सरगुजा) के निवासी 41 वर्षीय सरद हलदार और किशुननगर (सरगवां) के रहने वाले 25 वर्षीय राजा हलदार को गिरफ्तार किया है। इस मामले में सरद हलदार के नाम पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र में खाता खुला था, जबकि राजा हलदार के नाम पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर का इस्तेमाल उसे ऑपरेट करने के लिए किया जा रहा था। तेलंगाना से दर्ज ऑनलाइन शिकायत के अनुसार, इस खाते के माध्यम से रिकॉर्ड 95,000 रुपये की साइबर ठगी की गई थी। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने महज 1500 से 2000 रुपये के कमीशन के चक्कर में अपने बैंक खाते और मोबाइल सिम कार्ड को साइबर अपराधियों के हवाले कर दिया था। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 315/2026 दर्ज कर उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह