home page

सूरत में 45 मिनट में 5 सीरियल लूट करने वाले दोनों बदमाश 24 घंटे में पकड़े गये

 | 
सूरत में 45 मिनट में 5 सीरियल लूट करने वाले दोनों बदमाश 24 घंटे में पकड़े गये


सूरत, 20 नवंबर (हि.स.)। शहर में 19 नवंबर की सुबह मात्र 45 मिनट में 5 सीरियल लूट और चाकूबाजी की वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैलाने वाले दोनों आरोपितों को सूरत पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग ‘हाफ एनकाउंटर’ में काबू कर लिया है। क्राइम ब्रांच की कस्टडी से भागने और पुलिसकर्मी की रिवॉल्वर छीनने की कोशिश के दौरान दूसरे आरोपित लक्ष्मणकुमार उर्फ गुड्डू दिलीप उर्फ इंद्र यादव के पैर में गोली लगी है।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी भावेश रोजिया के अनुसार वराछा, महिधरपुरा और कतारगाम थाना क्षेत्रों में 45 मिनट के भीतर 3 लूट और 2 गंभीर चोट (ग्रीवियस हार्ट) समेत कुल 5 मामले दर्ज हुए थे। कतारगाम के गजेरा सर्कल के पास हुई लूट की वारदात पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी, जिसमें बाइक सवार परवेज और गुड्डू द्वारा अकेले जा रहे व्यक्ति को चाकू दिखाकर लूटने का प्रयास करते और पीड़ित के विरोध के बीच चाकू मारकर बाइक से फरार होते देखा गया।

पुलिस के मुताबिक पहले आरोपित परवेज मुशर्रफ अंसारी को लिंबायत पुलिस ने देररात करीब 3 बजे नीलगिरी ग्राउंड के पास नाइट पेट्रोलिंग के दौरान पकड़ा था। पीछा करने के दौरान आरोपित ने चाकू से पुलिसकर्मी अनिलकुमार अमरसिंह की कमर पर वार किया था, जिसके बाद चेतावनी के बावजूद न मानने पर पुलिस ने पहले हवा में एक राउंड फायरिंग की और फिर आत्मरक्षा में उसके बाएं पैर में गोली मारी। पूछताछ में मूल रूप से झारखंड निवासी और हाल लिंबायत के ममता टॉकीज के पास रहने वाले परवेज ने अपने साथी लक्ष्मण उर्फ गुड्डू के साथ मिलकर लूट की वारदातें कबूल की थीं। गजेरा सर्कल के पास से लूटे गए 6 मोबाइल समेत कुल ₹66,000 का मुद्देमाल जब्त किया गया था। घायल परवेज को सूरत की नई सिविल अस्पताल और घायल कॉन्स्टेबल अनिलकुमार को लिंबायत की गैलेक्सी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लिंबायत पुलिस का पिछले 6 महीनों में यह दूसरा देर रात हाफ एनकाउंटर है। इससे पहले 11 मई 2026 को भी हत्या के एक आरोपित पर फायरिंग कर उसे पकड़ा गया था।

वहीं, दूसरे आरोपित लक्ष्मणकुमार उर्फ गुड्डू को क्राइम ब्रांच की टीम ने लिंबायत की ममता चौकी के पास से गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के समय उसकी टी-शर्ट पर बंदूक और ‘वॉन्टेड’ का चिह्न छपा था और कुछ ही घंटों बाद उसी तरह की पिस्तौल से चली पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। पूछताछ के बाद मेडिकल जांच के लिए चौक बाजार स्थित क्राइम ब्रांच कार्यालय से नई सिविल अस्पताल ले जाते समय स्वामीनारायण मंदिर के पास पुलिस वाहन के अगले टायर में हवा कम होने पर गाड़ी रोकी गई। ड्राइवर और दो कॉन्स्टेबल टायर देखने नीचे उतरे, जबकि गाड़ी में पीएसआई और बिना हथकड़ी का आरोपित पास बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान लक्ष्मण ने पास बैठे पीएसआई की रिवॉल्वर खींचने और हमला करने का प्रयास किया। भागने और हमले की कोशिश के दौरान आत्मरक्षा में पीएसआई शैलेश दुबे ने फायरिंग की, जिससे आरोपित के दाएं पैर के निचले हिस्से में गोली लगी।

सिविल अस्पताल के सीएमओ मुकेश बलदानीया ने बताया कि घायल लक्ष्मण के दाएं पैर के निचले हिस्से में 2 सेंटीमीटर गहरा गोली का घाव है, जिसका सर्जनों द्वारा उपचार किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे