home page

सूरत क्राइम ब्रांच ने आठ लाख की लूट का किया पर्दाफाश, पूर्व कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड

 | 
सूरत क्राइम ब्रांच ने आठ लाख की लूट का किया पर्दाफाश, पूर्व कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड


सूरत, 06 जून (हि.स.)। सूरत शहर क्राइम ब्रांच ने गोडादरा क्षेत्र में 4 जून को हुई 8 लाख रुपये की लूट की घटना का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी के आधार पर मामले के मुख्य साजिशकर्ता समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि लूट का मास्टरमाइंड संबंधित कॉस्मेटिक उत्पाद फर्म 'रामदेव ट्रेडर्स' का पूर्व कर्मचारी ही निकला।

पूर्व कर्मचारी ने रची थी पूरी साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपित जयदीप कवाड करीब दो महीने पहले तक इस फर्म में नौकरी करता था। उसे दुकान के खुलने-बंद होने के समय और कलेक्शन की बड़ी रकम के आवागमन की पूरी जानकारी थी। अधिक पैसा कमाने की लालच में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।

घटना से तीन दिन पहले आरोपियों ने इलाके की रेकी शुरू कर दी थी। योजना के तहत जयदीप ने अपने मित्र गोपी साटिया को भी शामिल किया, जिसने मॉपेड उपलब्ध कराई। पुलिस से बचने के लिए आरोपितों ने वारदात के दिन मॉपेड की नंबर प्लेट भी हटा दी थी।

चाकू और डंडे के बल पर लूटी थी नकदी

घटना के दिन जब फर्म का कर्मचारी नकदी से भरा बैग लेकर जा रहा था, तभी मॉपेड पर सवार तीन बदमाश उसका पीछा करने लगे। दो आरोपितों ने चेहरे पर मास्क पहनकर कर्मचारी पर डंडे और चाकू से हमला किया तथा नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में साफ दिखाई देता है कि स्थानीय लोगों ने आरोपितों को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन मॉपेड चला रहा तीसरा साथी दोनों को लेकर मौके से भाग निकला।

सीसीटीवी और ह्यूमन इंटेलिजेंस से खुला राज

क्राइम ब्रांच की विभिन्न टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपितों के आने-जाने के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से मुख्य आरोपित जयदीप कवाड की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों के नाम

जयदीप बाबूभाई कवाड (23 वर्ष), निवासी पूणा गांव, सूरत – मुख्य साजिशकर्ता

गोपी मुन्नाभाई साटिया (21 वर्ष), निवासी कापोद्रा, सूरत – वाहन उपलब्ध कराने वाला साथी

कानून के संघर्ष में आया एक किशोर

राजदीप झालाभाई चावड़ा – वांछित आरोपित

सूरत क्राइम ब्रांच के डीसीपी भावेश रोजिया ने बताया कि पुलिस ने निगरानी और जाल बिछाकर कोसमाडा-वलथाण रोड स्थित मालगाड़ी रेलवे अंडरपास के नीचे से आरोपितों को मॉपेड सहित दबोच लिया।

2.86 लाख रुपये का मुद्दामाल बरामद

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कुल 2.86 लाख रुपये का मुद्दामाल बरामद किया है, जिसमें 1.86 लाख रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई 50 हजार रुपये कीमत की सुजुकी एक्सेस मॉपेड तथा 50 हजार रुपये कीमत के तीन मोबाइल फोन शामिल हैं।

गोडादरा पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले के आधार पर सूरत क्राइम ब्रांच ने आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे