home page

बकरा-बकरी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चोरी का माल खरीदने वाला और कार मालिक समेत कई गिरफ्तार

 | 
बकरा-बकरी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चोरी का माल खरीदने वाला और कार मालिक समेत कई गिरफ्तार


सूरजपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र में लगातार हो रही बकरा-बकरी चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी की वारदातों में शामिल गिरोह के सदस्यों के साथ चोरी के मवेशी खरीदने वाले व्यक्ति और वारदात में इस्तेमाल कार किराये पर देने वाले वाहन स्वामी को आज बुधवार को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी की दो बकरियां और वारदात में प्रयुक्त सियाज कार जब्त की गई है। पुलिस ने कार से लोहे का रॉड, पेचकस और प्लास्टिक टेप भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, करवा निवासी मोहम्मद मुस्लिम अंसारी ने 6 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 और 2 नवंबर की दरम्यानी रात अज्ञात लोगों ने घर का दरवाजा तोड़कर दो बकरे और दो बकरियां चोरी कर ली थीं। इस मामले में अपराध क्रमांक 325/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) में अपराध दर्ज किया गया था। इसी तरह जगतपुर निवासी सुरेश कुमार कुशवाहा ने 23 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई कि 20 और 21 नवंबर की दरम्यानी रात उनके घर से तीन बकरे और दो बकरियां चोरी कर ली गईं। इस मामले में अपराध क्रमांक 335/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम संदिग्धों की पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान 24 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की सियाज कार क्रमांक सीजी 10 व्ही 9456 में कुछ लोग सीतापुर की ओर से लटोरी क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने सोनवाही जंगल के पास घेराबंदी कर कार सवार लोगों को पकड़ा।

पूछताछ में पुलिस ने अमीनुल्लाह खान, राकेश सिंह, मदन दास, दिलचन्द दास उर्फ ममता, अजीत पैकरा और गणेश कुमार मरावी की पहचान की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उन्होंने करवा और जगतपुर में हुई दोनों चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए मवेशियों को सीतापुर थाना क्षेत्र के रायकेरा टोकापारा निवासी नुरुल्लाह खान को बेचा गया था। पुलिस ने नुरुल्लाह को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने चोरी के दो बकरे खरीदना स्वीकार किया।

जांच में यह भी सामने आया कि वाहन स्वामी अजीत पैकरा आरोपितों को प्रतिदिन रात के लिए 7 हजार रुपये किराये पर सियाज कार उपलब्ध कराता था। इसी कार का इस्तेमाल चोरी की वारदातों में किया जाता था। पुलिस ने कार जब्त कर वाहन स्वामी को भी प्रकरण में आरोपित बनाया है। चोरी का माल खरीदने वाले नुरुल्लाह खान के विरुद्ध बीएनएस की धारा 317(4) और सभी आरोपितों के विरुद्ध संगठित होकर चोरी करने के संबंध में धारा 112 भी जोड़ी गई है।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य वारदात से दो से तीन घंटे पहले संबंधित इलाके में पहुंचकर घरों की रेकी करते थे। इसके बाद घर में घुसकर बकरा-बकरियों के मुंह पर प्लास्टिक टेप चिपका देते थे, ताकि वे आवाज न कर सकें। इसके बाद मवेशियों को लेकर फरार हो जाते थे।

पुलिस ने बताया कि चोरी का माल खरीदने वाला नुरुल्लाह खान पूर्व में बगीचा थाना क्षेत्र में बकरा चोरी के मामले में शामिल रहा है। दिलचन्द दास उर्फ ममता पर मोटरसाइकिल चोरी और अजीत पैकरा पर रामानुजगंज के ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी के मामले में संलिप्तता रही है। पूछताछ में गिरोह ने लटोरी चौकी क्षेत्र के दो, खड़गवां चौकी क्षेत्र के दो और सरगुजा जिले के लखनपुर क्षेत्र के एक स्थान पर चोरी की वारदातों में शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस इन मामलों की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय