साइबर फ्रॉड के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, 98 हजार रुपये का लेनदेन मिला
सूरजपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर पुलिस ने साइबर फ्रॉड के लिए म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने के दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे दो आरोपितों को आज बुधवार को गिरफ्तार किया है। जांच में दोनों के बैंक खातों के माध्यम से ऑनलाइन साइबर धोखाधड़ी की रकम का लेनदेन सामने आया है। पुलिस के अनुसार, एक खाते में 45 हजार रुपये और दूसरे खाते में 53 हजार रुपये के संदिग्ध लेनदेन की पुष्टि हुई है।
पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ को भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) के समन्वय पोर्टल के माध्यम से विभिन्न बैंक शाखाओं में संचालित खातों के संबंध में शिकायत मिली थी। इसमें बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खाताधारक विकास कुमार रवि और आईडीबीआई बैंक के खाताधारक सुनील साहू के खाते शामिल थे। जांच में इन खातों के जरिए साइबर फ्रॉड की रकम का लेनदेन पाए जाने पर थाना सूरजपुर में प्रकरण दर्ज किए गए थे।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने साइबर धोखाधड़ी के मामलों की गंभीरता से जांच करते हुए फरार आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले मामले में विकास कुमार रवि (21 वर्ष), निवासी तिवरागुड़ी जूनापारा, थाना रामानुजनगर को गिरफ्तार किया। उसके बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खाते के ट्रांजेक्शन स्टेटमेंट में साइबर फ्रॉड के 45 हजार रुपये का लेनदेन प्रमाणित हुआ था।
पूछताछ में विकास ने बताया कि बैकुंठपुर निवासी एक व्यक्ति ने बैंक में खाता खुलवाने के लिए उसे 1500 रुपये दिए थे। खाता खुलवाने के बाद उसने पासबुक, एटीएम, चेकबुक और खाते से लिंक मोबाइल नंबर भी अपने पास ले लिया। पुलिस के अनुसार, विकास ने अपना बैंक खाता साइबर फ्रॉड गिरोह के सदस्यों को उपलब्ध कराया था, जिसका इस्तेमाल धोखाधड़ी की रकम के लेनदेन में किया जा रहा था। इस मामले में थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 466/2025 के तहत बीएनएस की धारा 317(4), 318(2) और 61(2)(ए) में कार्रवाई की गई है।
दूसरे मामले में पुलिस ने सुनील साहू (25 वर्ष), निवासी ग्राम त्रिपुरेश्वरपुर, थाना रामानुजनगर को गिरफ्तार किया। उसके आईडीबीआई बैंक खाते के ट्रांजेक्शन स्टेटमेंट में ऑनलाइन साइबर फ्रॉड के 53 हजार रुपये का लेनदेन सामने आया था। पूछताछ में सुनील ने बताया कि टेलीग्राम पर मिले लिंक के माध्यम से क्यूआर कोड का इस्तेमाल कर वह अपने खाते में रकम प्राप्त करता था और फिर उसे दूसरे खातों में भेज देता था। पुलिस के अनुसार, उसने साइबर फ्रॉड गिरोह के सदस्यों को अपना बैंक खाता रकम के लेनदेन के लिए उपलब्ध कराया था। इस मामले में अपराध क्रमांक 467/2026 के तहत बीएनएस की धारा 317(4), 318(2) और 61(2)(ए) में प्रकरण दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और सीएसपी विशाल गर्ग के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रहलाद यादव के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में एएसआई देवनाथ चौधरी, रंजीत सोनवानी, आरक्षक रविराज पाण्डेय और गणेश सिंह सक्रिय रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

