home page

50 हजार लेते पकड़ा गया सहायक कर्मचारी और दलाल

 | 
50 हजार लेते पकड़ा गया सहायक कर्मचारी और दलाल


जयपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बारां जिले की नगर पालिका अटरू में कार्यरत संविदा कर्मी सहायक कर्मचारी अजय सिंह को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के साथ दलाल पवन को भी गिरफ्तार किया गया है।

एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि 27 अप्रैल 2026 को परिवादी ने शिकायत दी थी कि लक्ष्मीपुरा गांव में अपने पिता के नाम प्लॉट का पट्टा बनवाने के एवज में अजय सिंह ने 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। आरोपी ने बाद में 50 हजार रुपये लेने पर सहमति जताते हुए राशि अपने परिचित पवन को देने के निर्देश दिए।

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी झालावाड़ चौकी ने जाल बिछाया। कोटा रेंज के उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रेरणा शेखावत के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक साजिद खान की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय सिंह और दलाल पवन को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी जेईएन का कार्य भी देख रहा था और पट्टा जारी करने की प्रक्रिया में परिवादी को परेशान कर रहा था।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के निर्देशन में आरोपियों से पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश