ओडिशा से मध्यप्रदेश गांजा सप्लाई करने वाला सप्लायर गिरफ्तार
धमतरी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। ओडिशा से मध्यप्रदेश गांजा की सप्लाई करने वाला फरार मुख्य सप्लायर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बोराई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व में 11 किलो से अधिक गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को पुलिस ने 15 सितंबर को पुलिस बैरियर नाका बोराई पर संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग के दौरान पकड़ा था। बस में सवार दोनों संदिग्ध व्यक्तियों को उनके बैग सहित नीचे उतारकर पूछताछ की गई। आरोपित ने अपना नाम निखिल वर्मा 26 वर्ष निवासी सतवास, जिला देवास मध्यप्रदेश एवं मोहित गोदारा 28 वर्ष निवासी गोलागुठान, थाना सतवास, जिला देवास मध्यप्रदेश का होना बताया। गवाहों की उपस्थिति में उनके पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर दोनों के पास से 11 किलो 33 ग्राम गांजा जब्त कर पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया था।
तस्करों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था। पुलिस को पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि यह गांजा ओडिशा के उमरकोट निवासी कमलेश सरदार से खरीदकर मध्यप्रदेश ले जा रहे थे। घटना के बाद से ही मुख्य सप्लायर फरार चल रहा था। इसके बाद से पुलिस सप्लायर कमलेश सरदार को पकड़ने जुटी हुई थी। इस बीच बोराई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने पर घेराबंदी कर फरार आरोपित व मुख्य गांजा तस्कर कमलेश सरदार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित कमलेश सरदार 46 वर्ष निवासी यूवी- 09 बुजरा पुजारीगुड़ा, थाना उमरकोट, जिला नवरंगपुर ओडिशा के खिलाफ जुर्म दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

