home page

सुपरवाइजर भर्ती-2018 पेपर लीक मामला: पांच लाख में सौदा करने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 
सुपरवाइजर भर्ती-2018 पेपर लीक मामला: पांच लाख में सौदा करने वाला आरोपित गिरफ्तार


जयपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने सुपरवाइजर (महिला अधिकारिता) सीधी भर्ती परीक्षा-2018 के पेपर लीक मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित मनीष गिला (32) निवासी श्रीबालाजी जिला नागौर हाल पांचू जिला बीकानेर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने संगठित पेपर लीक गिरोह के सदस्य पौरव कालेर से पांच लाख रुपये में लीक प्रश्न पत्र खरीदा था और अपनी रिश्तेदार अभ्यर्थी को ब्लूटूथ उपकरण के जरिए नकल करवाई थी। इस मामले में एसओजी अब तक 14 आरोपिताें को गिरफ्तार कर चुकी है।

एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस विशाल बंसल ने बताया कि सुपरवाइजर (महिला अधिकारिता) सीधी भर्ती परीक्षा-2018 का आयोजन 6 जनवरी 2019 को किया गया था। जांच में सामने आया कि परीक्षा का प्रश्न पत्र बीकानेर स्थित श्री रामसहाय आदर्श सेकंडरी स्कूल परीक्षा केंद्र से लीक किया गया था। पेपर लीक गिरोह के मुख्य सरगना तुलछाराम कालेर, पौरव कालेर, राजू मैट्रिक्स और दिनेश सिंह चौहान ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।

प्रश्न पत्र लीक होने के बाद गिरोह के सदस्यों ने उसे हल किया और अभ्यर्थियों को ब्लूटूथ उपकरण के माध्यम से उत्तर बोलकर नकल करवाई। इस संबंध में एसओजी थाना जयपुर में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी मनीष गिला ने पौरव कालेर से पांच लाख रुपये में लीक प्रश्न पत्र खरीदा था। इसके बाद उसने अपनी रिश्तेदार अभ्यर्थी मंजू कुमारी विश्नोई को ब्लूटूथ उपकरण के माध्यम से परीक्षा में नकल करवाई। एसओजी मंजू कुमारी विश्नोई को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब मनीष गिला की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि उसने पेपर लीक मामले में अन्य किन अभ्यर्थियों को प्रश्न पत्र उपलब्ध करवाया या नकल कराने में मदद की थी।

पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि इस प्रकरण में गिरफ्तार आरोपिताें की संख्या 14 हो गई है। इनमें संगठित पेपर लीक गिरोह के आठ सदस्य और छह महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। एसओजी आरोपित मनीष गिला को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ कर रही है। जांच में पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नकल कराने में शामिल अभ्यर्थियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश