सुपौल में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिकअप से 832 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरफ बरामद
सुपौल, 06 सितंबर (हि.स.)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए सुपौल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत नदी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 832 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरफ बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और एक मोबाइल फोन को भी जब्त किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान बेगूसराय जिले के बखरी बाजार थाना क्षेत्र के बखरी बाजार मक्खाचक वार्ड नंबर-20 निवासी स्वर्गीय कैलाश ठाकुर के पुत्र सूरज कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम, बरामदगी और तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार सघन वाहन जांच एवं छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान नदी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन के माध्यम से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरफ की तस्करी की जा रही है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए इसकी तत्काल जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारियों को दी गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सुपौल के निर्देश पर नदी थाना के थानाध्यक्ष पु०अ०नि० सुमित भारती के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
टीम ने प्राप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध पिकअप वाहन की पहचान कर उसे रोकने की कार्रवाई की। पुलिस टीम द्वारा वाहन को रोककर उसकी विधिसम्मत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन के अंदर से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरफ बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, बरामद कफ सिरफ की कुल मात्रा 832 लीटर है। मौके पर मौजूद सूरज कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही कफ सिरफ की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे पिकअप वाहन को भी विधिसम्मत तरीके से जब्त कर लिया गया। पुलिस ने मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस अब मोबाइल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित कफ सिरफ की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ कर उसके संभावित आपराधिक नेटवर्क और इस धंधे में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में नदी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर विधिक कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस कारोबार में गिरफ्तार युवक की भूमिका क्या थी और उसके साथ इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

