सुपौल में स्मैक के अवैध कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16 ग्राम स्मैक के साथ पांच गिरफ्तार
सुपौल, 27 जुलाई (हि.स.)। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में सदर थाना क्षेत्र के बेरो वार्ड संख्या-1 स्थित एक बांसबाड़ी में छापेमारी कर पुलिस ने स्मैक की खरीद-बिक्री में संलिप्त पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
मौके से 16 ग्राम स्मैक, तीन गैस लाइटर, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 1200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय की ओर से सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 26 जुलाई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बेरो वार्ड संख्या-1 स्थित बांसबाड़ी में चोरी-छिपे स्मैक का कारोबार किया जा रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम ने योजनाबद्ध तरीके से बांसबाड़ी में छापेमारी की। तलाशी के दौरान बरामदगी के आधार पर मौके से पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में बेरो वार्ड-1 निवासी वकील कुमार, रूपौली वार्ड-1 निवासी हितेश पासवान, शाहपुर वार्ड-7 निवासी सावन कुमार, तथा सहरसा जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र के मो. शिकायल और प्रियेश कुमार शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास, मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में भी गहन अनुसंधान जारी है।
इस मामले में सदर थाना में स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

