home page

सुपौल में लूटकांड का सफल उद्भेदन, घटना में प्रयुक्त बाइक के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार

 | 

सुपौल, 07 मई (हि.स.)। सुपौल पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र में हुए लूटकांड का सफल खुलासा करते हुए घटना में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल और अन्य सामान भी बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक सुपौल के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 5 मई 2026 को सदर थाना में एक पीड़ित द्वारा आवेदन देकर बताया गया कि देर रात अज्ञात अपराधियों ने उनसे मोबाइल, पर्स में रखे 5 हजार रुपये नकद तथा कार में रखी दो मूर्तियों की लूट कर ली।पीड़ित के आवेदन के आधार पर सदर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। कांड के त्वरित उद्भेदन एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सुपौल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी करते हुए मामले में संलिप्त तीन अपराेपिताें को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपिताें में रोहित राज उर्फ मुन्ना पाठक, निवासी करिहो वार्ड संख्या-05, इंकेश कुमार निवासी कुम्हेट वार्ड संख्या-10 तथा चंदन कुमार, निवासी गौरवगढ़ वार्ड संख्या-05 थाना एवं जिला सुपौल शामिल है।

गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक अपाची मोटरसाइकिल और एक घड़ी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि इस कांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपित रोहित राज उर्फ मुन्ना पाठक का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध सुपौल थाना में हत्या समेत कई गंभीर मामलों में पहले से प्राथमिकी दर्ज है। इनमें वर्ष 2023 के हत्या कांड और वर्ष 2026 के अन्य गंभीर आपराधिक मामले शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र