सुपौल में फर्जी आधार-पैन कार्ड बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार
सुपौल, 14 अप्रैल (हि.स.)। जिले में पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक सुपौल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
9 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली कि बसबिट्टी चौक स्थित एक छोटे आधार सेंटर में फर्जी तरीके से आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेज बनाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त दो व्यक्तियों बाबूल कुमार गुप्ता (23) और मुकेश पासवान (30) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान पता चला कि यह लोग एक वेबसाइट के माध्यम से फर्जी आवासीय प्रमाण पत्र बनाकर ईसीएमपी आधार सॉफ्टवेयर को बायपास कर आधार कार्ड तैयार करते थे।
जांच में वेबसाइट संचालक पप्पू कुमार की संलिप्तता सामने आई, जिसे सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान उक्त वेबसाइट पर अलग-अलग राज्यों से करीब 1250 से अधिक यूजर अकाउंट पाए गए।
पुलिस ने मौके से 6 लैपटॉप, 4 फिंगरप्रिंट स्कैनर, 4 आईरिस स्कैनर, 2 जीपीएस डिवाइस, 3 कैमरा, 8 मोबाइल फोन, 50 सिम कार्ड और हजारों की संख्या में फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं।
इस मामले में साइबर थाना सुपौल में कांड दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

