सुपौल पुलिस की 24 घंटे की कार्रवाई: 22 आरोपी गिरफ्तार, 108 लीटर देसी शराब बरामद
सुपौल, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण और शराबबंदी कानून के सख्त अनुपालन को लेकर सुपौल पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पिछले 24 घंटे के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान में पुलिस को कई महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बीते 24 घंटे में कुल 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 8 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि 14 मामलों में अन्य आवश्यक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 108 लीटर देसी शराब और 10.75 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। वहीं शराबकांड में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने अन्य विशेष कांडों में भी तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की है। वहीं वाहन जांच अभियान के दौरान नियम उल्लंघन करने वालों से कुल 53 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला गया है।
सुपौल पुलिस ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आगे भी इसी तरह लगातार अभियान चलाया जाता रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

