सुपौल में पांच देसी कट्टा और एक पिस्टल के साथ तीन अंतरजिला अपराधी गिरफ्तार
सुपौल, 24 अक्टूबर (हि.स.)। सुपौल पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को नाकाम करने का दावा करते हुए अंतरजिला गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पांच देसी कट्टा, एक पिस्टल और 17 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, हथौड़ा, प्लायर कटर समेत अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दो पूर्णिया जिले और एक अररिया जिले का निवासी है। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क, संभावित स्थानीय सहयोगियों और पूर्व की आपराधिक घटनाओं में आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गंभीर आपराधिक घटनाओं में संलिप्त एक अंतरजिला गिरोह के सदस्य सुपौल में सक्रिय हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई।
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई विशेष टीम अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, त्रिवेणीगंज दिलीप कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम में त्रिवेणीगंज अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों को शामिल किया गया। टीम को संदिग्धों की पहचान करने, उनकी गतिविधियों पर नजर रखने और संभावित आपराधिक घटना को रोकने की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने बताया कि टीम पिछले कई दिनों से गिरोह की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। तकनीकी और अन्य माध्यमों से संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी क्रम में 22 अक्टूबर की रात सूचना मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य त्रिवेणीगंज अनुमंडल क्षेत्र में एकत्रित होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं।
घेराबंदी कर तीन आरोपियों को दबोचा
सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की और घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से पांच देसी कट्टा, एक पिस्टल और 17 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल, हथौड़ा, प्लायर कटर तथा अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।
पुलिस को आशंका है कि बरामद उपकरणों का इस्तेमाल घरों के ताले तोड़ने और अन्य आपराधिक गतिविधियों में किया जा सकता था। हालांकि, इन उपकरणों के वास्तविक इस्तेमाल और किसी पूर्व की घटना से इनके संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

