सुपौल के अस्पताल में पुलिस के सामने मारपीट, शादी के निमंत्रण को लेकर विवाद
सुपौल, 25 मार्च (हि.स.)। जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत करहैया पंचायत के वार्ड संख्या 9 में दो पक्षों के बीच चल रहा विवाद अचानक उग्र हो गया। पहले गांव में शुरू हुआ झगड़ा बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किशनपुर तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, विवाद के बाद दोनों पक्ष थाना पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। अस्पताल में पहले से आनन्दी पासवान और उनके पुत्र रंजीत पासवान समेत करीब एक दर्जन लोग इलाजरत थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के सुरेश पासवान भी वहां पहुंच गए।
उन्हें देखते ही रंजीत पासवान समेत आधा दर्जन लोगों ने सुरेश पासवान पर लात-घूंसे से हमला कर दिया। लोगों ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें जख्मी कर दिया। अचानक हुई इस घटना से अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।सूचना मिलते ही किशनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को काबू में कर थाना ले आई। इस दौरान पुलिस के साथ भी आनन्दी पासवान की नोकझोंक होने की बात सामने आई है।
एक पक्ष के आनन्दी पासवान ने आरोप लगाया कि वे अपने मकई के खेत को देखने गए थे, जहां झोले में 2-3 किलो गांजा रखा हुआ मिला। इस बात को लेकर पूछताछ करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट की नौबत आ गई।
दूसरे पक्ष के सुरेश पासवान के पुत्र और पत्नी ने बताया कि उनकी मां, जो आंगनबाड़ी सेविका हैं, एफआरएस कराने गई थीं। उसी दौरान आनंदी पासवान द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। उन्होंने यह भी बताया कि पहले से शादी में निमंत्रण नहीं देने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
इधर, किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

