सुपौल में शराब तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सफारी गाड़ी जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
सुपौल, 15 अप्रैल (हि.स.)। सुपौल पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भपटियाही थाना क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में नेपाली शराब बरामद की है। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफारी गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफारी वाहन (BR11T 2074) से अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर भपटियाही थाना पुलिस ने एनएच-27 पर सरायगढ़ स्थित विश्वकर्मा धर्मकांटा के पास वाहन का पीछा कर उसे रोक लिया।
तलाशी के दौरान गाड़ी से 11 बोरों में छिपाकर रखी गई कुल 1320 बोतल नेपाली ‘दिलवाले’ शराब बरामद की गई, जिसकी मात्रा करीब 396 लीटर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान निर्मली थाना क्षेत्र के निवासी सुखवीर कुमार राय के रूप में हुई है। उससे पूछताछ जारी है।
इसी क्रम में पुलिस ने भपटियाही थाना क्षेत्र के लौकहा पावर में भी छापेमारी की। यहां तेजु मुखिया के घर के सामने झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 8 बोरों में कुल 720 बोतल नेपाली शराब बरामद की गई, जिसकी मात्रा करीब 216 लीटर बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि यह शराब भी तस्करी के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई थी।
भपटियाही थानाध्यक्ष प्रदीप दुबे ने बताया कि दोनों मामलों में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

