home page

भाई के इलाज और आर्थिक तंगी से परेशान बीए छात्र ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

 | 
भाई के इलाज और आर्थिक तंगी से परेशान बीए छात्र ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटका मिला शव


भाई के इलाज और आर्थिक तंगी से परेशान बीए छात्र ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटका मिला शव


भाई के इलाज और आर्थिक तंगी से परेशान बीए छात्र ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटका मिला शव


सुपौल, 30 मार्च (हि.स.)। जिले के जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरियापट्टी के पूर्व पंचायत वार्ड संख्या 4 में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां बीए पार्ट-वन के छात्र प्रशांत कुमार उर्फ भानु (20) ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।

बताया जा रहा है कि घटना के दिन भी प्रशांत चिंतित और तनाव की स्थिति में था। सुबह उसने घर में ही मफलर के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उस समय परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे। कुछ देर बाद जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो घर में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रशांत पढ़ाई में तेज और शांत स्वभाव का युवक था। उसका किसी से कोई विवाद नहीं था और न ही उसकी शादी हुई थी। हालांकि कुछ स्थानीय लोगों ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को भी चिंता का विषय बताया है।

परिवार की आर्थिक स्थिति भी काफी कमजोर बताई जा रही है। मृतक के पिता पंजाब में मजदूरी करते हैं और महीने में करीब 10 से 15 हजार रुपये कमाते हैं। परिवार में कुल पांच सदस्य हैं और सीमित आय में ही घर का खर्च चलता है।

बताया जा रहा है कि करीब पांच दिन पहले प्रशांत के बड़े भाई का सड़क दुर्घटना में गंभीर एक्सीडेंट हो गया था, जिसके बाद उसका इलाज पटना के पीएमसीएच में चल रहा है। इलाज में अब तक लगभग एक लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। भाई की हालत और घर की आर्थिक परेशानियों को लेकर प्रशांत काफी चिंतित रहने लगा था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र