सुपौल में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, बिना नंबर की पल्सर बाइक भी जब्त
सुपौल, 29 मई (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक लोहे का देशी कट्टा तथा बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की बजाज पल्सर 220 सीसी मोटरसाइकिल बरामद की है।
मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई दौलतपुर वार्ड नंबर-09 स्थित पैक्स गोदाम कचरा भवन के पास पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
गिरफ्तार युवक की पहचान राकेश कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो प्रतापगंज थाना क्षेत्र के बेलही वार्ड-3 का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने युवक की बजाज पल्सर बाइक की तलाशी ली। जांच के दौरान मोटरसाइकिल की हेडलाइट के आगे छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा बरामद हुआ।
पुलिस द्वारा हथियार से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा देशी कट्टा और बिना नंबर की बाइक को जब्त कर थाना लाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक हथियार लेकर कहां जा रहा था तथा इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

