सुपौल में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 404.36 लीटर शराब सहित अन्य नशीले पदार्थ जब्त
सुपौल, 25 मार्च (हि.स.)। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग सुपौल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब और अन्य नशीले पदार्थों को जब्त किया है। विभाग की टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में कुल 404.36 लीटर शराब बरामद की गई।
जप्त की गई शराब में कई नामी ब्रांड शामिल हैं। इनमें इंपीरियल ब्लू की 90 लीटर, ब्लेंडर्स प्राइड की 9 लीटर, रॉयल स्टैग की 18 लीटर तथा अन्य प्रकार की व्हिस्की की 207.36 लीटर शराब शामिल है। इसके अतिरिक्त मौके से अन्य प्रकार के नशीले पदार्थ भी बरामद किए गए हैं।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध तरीके से शराब की तस्करी और बिक्री का प्रयास किया जाता है। ऐसे लोगों के खिलाफ विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में विशेष अभियान चलाकर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें यह बड़ी सफलता हाथ लगी है।
अधिकारियों ने बताया कि जब्त शराब को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा गया है तथा इस मामले में संलिप्त तस्करों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही अवैध शराब के नेटवर्क को तोड़ने के लिए आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
उत्पाद विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के भंडारण, तस्करी या बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर इस पर रोक लगाई जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

