home page

सुपौल में अगस्त में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 18 मामले दर्ज, 25 आरोपित गिरफ्तार

 | 
सुपौल में अगस्त में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 18 मामले दर्ज, 25 आरोपित गिरफ्तार


सुपौल में अगस्त में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 18 मामले दर्ज, 25 आरोपित गिरफ्तार


सुपौल, 31 अगस्त (हि.स.)। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में नारको कोऑर्डिनेशन सेंटर की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सावन कुमार ने की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में प्रवर्तन एजेंसियों और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के बीच समन्वय, नशामुक्ति अभियान एवं जन-जागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने अगस्त माह के मासिक प्रगति प्रतिवेदन की समीक्षा की। बताया गया कि 1 अगस्त से 31 अगस्त तक जिले में मादक पदार्थों से संबंधित कुल 18 प्राथमिकी दर्ज की गईं। इस दौरान पुलिस एवं संबंधित एजेंसियों ने कार्रवाई करते हुए 842 किलोग्राम गांजा, स्मैक/चरस/ब्राउन शुगर 546.32 ग्राम तथा 638 लीटर कोडिन युक्त कफ सिरप जब्त किया। इसके अलावा 446 एमएल इंजेक्शन भी बरामद किया गया।

मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में कुल 25 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 6 मोटरसाइकिल, 13 मोबाइल फोन, एक चार पहिया वाहन, एक तीन पहिया वाहन, एक पिस्टल और 17 कारतूस भी बरामद किए गए।

जिलाधिकारी सावन कुमार ने सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों एवं प्रवर्तन एजेंसियों के बीच सूचना का त्वरित आदान-प्रदान और संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही नशामुक्ति एवं जन-जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पटना से एनसीबी के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र