home page

सुपौल में 10 वर्षीय बालक संदिग्ध हालात में लापता

 | 
सुपौल में 10 वर्षीय बालक संदिग्ध हालात में लापता


सुपौल में 10 वर्षीय बालक संदिग्ध हालात में लापता


सुपौल, 19 अप्रैल (हि.स.)। जिले के नदी थाना क्षेत्र अंतर्गत कदमहा पंचायत के वार्ड संख्या-7 में 10 वर्षीय बालक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि ट्रैक्टर की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को गायब कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार कटैया गांव निवासी रणवीर पंडित का पुत्र राम कृष्ण पंडित शनिवार को स्कूल से लौटने के बाद घर के पास आम के बगीचे में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। उसी दौरान बगीचे के रास्ते वार्ड संख्या-6 निवासी मो. हकीद के यहां मिट्टी भराई के लिए कई ट्रैक्टरों का आवागमन हो रहा था।

परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक घबरा गया और बच्चे को अस्पताल ले जाने के बजाय शव को कहीं छिपा दिया। वहीं अन्य ट्रैक्टर चालक भी मौके से फरार हो गए। जब देर शाम तक बच्चा घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की।

इसी दौरान ग्रामीणों ने आम के बगीचे में कई जगह खून के धब्बे देखे, जिससे उनकी आशंका और गहरा गई। सूचना मिलने पर नदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को चिन्हित कर बैरिकेडिंग की।

मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव की बरामदगी की मांग को लेकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया और करीब दो घंटे तक पुलिस टीम को घटनास्थल पर घेर कर रखा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ राजू रंजन कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। नदी थानाध्यक्ष शिशुपाल रविदास ने बताया कि मामले में दो ट्रैक्टर चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही डॉग स्क्वायड की मदद से लापता बालक की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र