सुल्तानपुर : हत्यारोपित पुलिस मुठभेड़ मे घायल , गिरफ्तार
सुल्तानपुर, 06 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुल्तानपुर कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के जनऊपुर गांव में हुए गोलीकांड केे मुख्य आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की निशान देही पर हत्त्या मे प्रयुक्त असलहे को खोजने के दौरान आरोपित एवं पुलिस की बीच मुठभेड़ मे आरोपित घायल हो गया।
अपर पुलिस अधीक्षक कुवंर अनुपम सिंह ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार शाम कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के जनऊपुर गांव में हुए गोलीकांड का मुख्य आरोपित दीपक सोनकार को घर के पास धोपाप से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की निशान देही पर हत्त्या में प्रयुक्त असलहे को खोजने के दौरान आरोपित एवं पुलिस के बीच मुठभेड़ में आरोपित घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।आरोपित लंभुआ थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
ज्ञातव्य हो कि गुरुवार की शाम दो पटीदारों, होमगार्ड वीरेंद्र प्रताप सोनकर और रमेश सोनकर के बीच विवाद हुआ था। सुबह वीरेंद्र प्रताप के छोटे बच्चे रमेश सोनकर के परिवार के सदस्यों से किसी बात पर झगड़ा हुआ था। उस समय दोनों पक्षों ने आपसी सुलह कर ली थी और पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी गई थी।
शाम को रमेश सोनकर के परिवार की महिलाएं और उनका बेटा भोलू सोनकर, वीरेंद्र प्रताप के घर पहुंचे। वहां विवाद फिर से बढ़ गया, जिसके बाद भोलू सोनकर ने कथित तौर पर लगभग पांच राउंड फायरिंग की।
इस दौरान मोहित के सीने में दो गोलियां लगीं, और इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगल को भी एक गोली लगी है। उसे गंभीर हालत मे लखनऊ रेफर कर दिया।
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया। मुख्य आरोपित दीपक सोनकर की गिरफ्तारी के लिए एसओजी और थाने की विशेष टीमें गठित की गई हैं। घटना के संबंध में पुलिस ने पांच नामजद एवं एक अज्ञात के खिलाफ गम्भीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया था ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

