home page

सुलतानपुर में वृद्ध का मिला शव ,हत्या का आरोप

 | 
सुलतानपुर में वृद्ध का मिला शव ,हत्या का आरोप


सुलतानपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र के कल्याणपुर मजरे नटौली गांव में एक वृद्ध का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिजनों ने जमीन विवाद के चलते पीटकर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक का शव उसी विवादित जमीन के पास पाया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक चारु निगम और सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।

मृतक की पहचान राम सुंदर कोरी (65) पुत्र जगरूप के रूप में हुई है। शनिवार सुबह वह परिजनों के खेत पर जाने के बाद घर से शौच के लिए निकले थे। दोपहर में जब परिजन खेत से लौटे और राम सुंदर को घर पर नहीं पाया तो उनकी तलाश शुरू की गई। घर से लगभग दो सौ मीटर दूर नहर के पास बांस की कोठ के निकट उनका शव मिला । परिजनों के अनुसार शव मिलने पर मृतक के मुंह से खून निकल रहा था और आंख पर चोट के निशान थे। इन निशानों को देखकर परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव के जहीर, अनवर, मोबीन और रियासत सहित अन्य लोगों ने राम सुंदर की हत्या कर शव को यहां फेंका है।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह और पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच की। मृतक राम सुंदर कोरी खेती-किसानी का काम करते थे।

मृतक अपने पीछे सात बेटे शिवनाथ (36), विश्वनाथ (38), श्रीनाथ (35), रघुनाथ (32), प्रभूनाथ (29), शंकर नाथ (26), सरयू नाथ (24) और एक बेटी कमलेश (37) को छोड़ गए हैं।

बल्दीराय क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर पांच नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। आरोपित की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और परिस्थितियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त