सुलतानपुर : ट्रेलर की चपेट मे आने से बाइक सवार की मौत
सुलतानपुर, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में बुधवार शाम लखनऊ-बलिया हाइवे पर ट्रेलर की चपेट मे आने से बाइक सवार की मौके पर मौत हो गयी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर नमाजगढ़ निवासी देवेश कुमार (40 ) बुधवार शाम अपनी बाइक से सुलतानपुर की ओर जा रहे थे। जब वे पदारथपुर उपाध्याय स्थित मोड़ के पास पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात ट्रेलर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से देवेश सड़क पर गिर गए और ट्रेलर का पहिया उनके सिर के ऊपर से चढ़ाकर निकल गया। मृतक की पहचान जेब में मिले आधार कार्ड से हुई।
स्थानीय लोगों की सूचना मिलने पर कादीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कादीपुर इंस्पेक्टर श्याम सुंदर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिवार से तहरीर मिलने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

