home page

सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के पास ऑटो और कार की टक्कर, चालक की मौत

 | 

नई दिल्ली, 26 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में शनिवार सुबह सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के पास ऑटो और कार की टक्कर में ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे डीडी नंबर 29ए के माध्यम से सड़क हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को ऑटो और आई-20 कार क्षतिग्रस्त हालत में मिली। हादसे में ऑटो चालक मोहम्मद कलाम (45) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मोहम्मद कलाम खिजराबाद, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के रहने वाले थे। हादसे में मोहम्मद बाबलू भी घायल हुए हैं। वह सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के नीचे रहते हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एस्कॉर्ट्स अस्पताल से एम्स भेजा जा रहा है। मौके पर क्राइम टीम ने जांच पूरी कर ली है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और टक्कर के लिए कौन-सा वाहन जिम्मेदार है, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। पुलिस के मुताबिक, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और उसके बाद हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट होगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार