सुजानगंज पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 19 लोगों को किया गिरफ्तार
जौनपुर,10 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में सुजानगंज थाना अंतर्गत पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को कुल 19 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। इनमें रास्ते के विवाद में मारपीट के मामले में 13 तथा शांति भंग की आशंका में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम विकैपुर में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया था। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।उपनिरीक्षक मनोज सिंह, कांस्टेबल विकेश चौहान और रामकुमार यादव की टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रथम पक्ष के रामआसरे निषाद, राजेश कुमार निषाद, निलेश निषाद, दिलीप निषाद, मालती देवी, सुग्गी देवी और पूजा तथा दूसरे पक्ष के लालचंद्र निषाद, प्रमिला, दिनेश निषाद, संजय निषाद, मोहित और रोशनी को गिरफ्तार कर लिया।इसी दिन एक अन्य कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुभाषचंद्र द्विवेदी ने शांति भंग की आशंका के मद्देनजर छह लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें सकापुर निवासी अमर पांडेय, बृहस्पति पांडेय, देवकीनंदन पांडेय, विकास पांडेय तथा खतिरहा निवासी संतोष कुमार यादव और संदीप कुमार शामिल हैं। इस मामले में थानाध्यक्ष अमित पांडेय ने बताया कि सभी आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

