राजगढ़ः पेड़ पर लटका मिला युवक का शव
राजगढ़, 17 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेड़खेड़ा में शुक्रवार सुबह एक 24 वर्षीय युवक का शव गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। बाद में आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रामबाबू पुत्र जगन्नाथ सिंह तंवर, निवासी ग्राम खेड़खेड़ा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने गमछे का फंदा बनाकर पेड़ से लटककर आत्महत्या की है। हालांकि इस कदम के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक रामबाबू विवाहित था और उसका छह माह का एक बेटा है। बताया गया है कि वह शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे घर से निकला था, जिसके बाद उसका शव गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला। खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने सबसे पहले शव को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना से एक दिन पहले युवक गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल हुआ था। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

