राजगढ़ः महिला ने फांसी लगाकर की खुदकुशी
राजगढ़, 13 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भवानीपुरा में सोमवार दोपहर एक 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
महिला अपने घर के कमरे में मृत अवस्था में मिली। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई है।
पुलिस के अनुसार मृतका बिरमीबाई, पत्नी शिवचरण तंवर, घर पर अकेली थी। उसका तीन साल का बेटा भी वहीं रहता है, जबकि घटना के समय पति किसी रिश्तेदार को छोड़ने ससुराल की ओर गया हुआ था। आसपास के लोगों द्वारा दी गई सूचना पर थाना प्रभारी अजय यादव और टीम मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किन परिस्थितियों में महिला की मृत्यु हुई और इसके पीछे कोई सामाजिक या घरेलू दबाव तो नहीं था। परिवारजन भी गमगीन हैं और जांच में सहयोग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जाएगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

