राजगढ़ः पेड़ पर फांसी लगाकर व्यक्ति ने की खुदकुशी, पुलिस जांच में जुटी
राजगढ़, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम आगर में मंगलवार सुबह 55 वर्षीय व्यक्ति का शव घर के सामने बाड़े में स्थित पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ब्यावरा भेजा।
जानकारी के अनुसार मृतक नन्नूलाल पिछले तीन-चार वर्षों से गुजरात में एक फैक्ट्री में गार्ड के रूप में कार्यरत था और वहीं अपने बड़े बेटे के साथ रहता था। वह कुछ दिन पहले गुजरात से निकला था, लेकिन गांव नहीं पहुंचा। मंगलवार सुबह परिजनों ने उसे पेड़ पर लटका देखा, जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों ने बताया कि मृतक की पत्नी मायके में अपने तीन बच्चों के साथ रहती है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नन्नूलाल ने किन परिस्थितियों में यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

