आईआईएम सिरमौर में युवक ने की आत्महत्या
नाहन, 21 अगस्त (हि.स.)।
सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल के तहत धौलाकुआं स्थित प्रतिष्ठित भारतीय प्रबंध संस्थान परिसर से एक दुखद खबर सामने आई है। यहाँ बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में 3 वर्षीय स्नातक डिग्री के तृतीय वर्ष में पढ़ाई कर रहे 19 वर्षीय छात्र प्रभात शुक्ला पुत्र अनुपम शुक्ला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र मूल रूप से जबलपुर (मध्य प्रदेश) का रहने वाला था। घटना का खुलासा तब हुआ जब छात्र के पिता का आईआईएम धौलाकुआं के हॉस्टल वार्डन के पास फोन आया। पिता ने बताया कि उनका बेटा फोन नहीं उठा रहा है। इसके बाद जब हॉस्टल के कमरे की खिड़की तोड़कर अंदर देखा गया, तो छात्र फर्श पर पड़ा हुआ मिला और कमरे में पंखे से चुन्नी लटकी पाई गई।
यूनिवर्सिटी प्रबंधन द्वारा छात्र को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, जहां तैनात चिकित्सा अधिकारी ने उसे मृत लाया घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर मामला आत्महत्या से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मृतक छात्र के मोबाइल फोन और लैपटॉप को अपने कब्जे में ले लिया है। दोनों उपकरण लॉक हैं, जिन्हें खोलने और फोरेंसिक अवलोकन की प्रक्रिया जारी है ताकि घटना से जुड़े कारणों का पता लगाया जा सके।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्र के साथियों और संस्थान प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल उपकरणों की जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

