जुआ खेलने के लिए पैसे नहीं मिले तो पत्नी की चुनरी से पेंटर ने लगा ली फांसी
रायगढ़, 09 अगस्त (हि.स.)। शहर के जूटमिल थाना क्षेत्र में शराब पीने के बाद एक पेंटर को जुआ खेलने का ऐसा फितूर सवार हुआ कि पत्नी ने जब पैसे देने से इंकार किया तो विवाद करने के बाद उसने कमरे के सीलिंग फैन में चुनरी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची जूटमिल पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय से लगे ग्राम गढ़उमरिया के पुसौर रोड में बिजली ऑफिस के पास बीते शनिवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब वहां किराए के मकान में रहने वाले अशोक बघेल (35 वर्ष) की लाश उसके कमरे के सीलिंग पंखे में बंधे चुनरी से फंदे पर झूलती मिली। मृतक की पत्नी ने बताया कि उसका पति अशोक पुताई वगैरह का काम करते हुए तीन मासूम बेटियों की परवरिश करता था। गत शनिवार रात शराब पीकर घर पहुंचे अशोक ने पत्नी से जुआ खेलने के लिए पैसे की मांग की। पत्नी ने पैसे देने से मना किया तो नशे की झोंक में घरेलू कलह करते हुए कमरे में दाखिल हो गया।
अशोक की बीवी कुछ समझ पाती, इसके पहले उसने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अपने सुहाग को फांसी पर लटकते देख महिला ने आसपड़ोस के लोगों को बुलाकर मामले की जानकारी दी और सूचना पर पहुंची पुलिस जब अशोक को जिला चिकित्सालय लेकर गई तो डॉक्टर्स ने प्राथमिक परीक्षण में उसे मृत घोषित कर दिया। मर्च्यूरी रूम में पोस्टमार्टम की कार्रवाई के साथ जूटमिल पुलिस मर्ग कायम करते हुए जांच पड़ताल में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

