मेट्रो के आगे कूदकर महिला ने की खुदकुशी की कोशिश
नई दिल्ली, 06 मार्च (हि.स.)। राजधानी के सबसे भीड़भाड़ वाले राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक महिला ने मेट्रो के आगे छलांग लगा दी। गनीमत रही कि लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। जिससे महिला की जान तो बच गई, लेकिन वह प्लेटफार्म पर गिरने के कारण घायल हो गई। महिला के मेट्रो के आगे कूदते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे सीआरपीएफ के जवानों ने महिला को ट्रैक से उठाया और पुलिस की मदद से लेडी हार्डिन अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में महिला का उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि महिला ने खुदकुशी के इरादे से मेट्रो के आगे छलांग लगाई थी। फिलहाल वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसकी हालत में सुधार के बाद पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का जानने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान कुछ समय के लिए ब्लू लाइन पर मेट्रो सेवाएं बाधित रहीं। हालांकि आधे घंटे के अंतराल के बाद सभी मेट्रो सेवाएं सामान्य हो गईं।
मेट्रो का काम देख रहे पुलिस उपायुक्त भरत रेड्डी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक महिला के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक के आगे कूदने की सूचना मिली थी। एक प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब ट्रेन प्लेटफार्म पर आ रही थी, तभी अचानक से महिला ने ट्रैक पर छलांग लगा दी। ट्रेन लोको पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिससे वह मेट्रो की चपेट में आने से बच गई। लेकिन ट्रैक पर गिरने के कारण महिला को गंभीर चोट आई हैं। शुरुआती जांच में पता चला कि महिला जनकपुरी ईस्ट मेट्रो स्टेशन से चढ़ी थी। इसके बाद वह राजीव चौक मेट्रो पर उतरी और कुछ देर बाद उसने मेट्रो के आगे छलांग लगा दी। सीसीटीवी में वह काफी परेशान नजर आ रही थी। फिलहाल पुलिस खुदकुशी करने के कारणें का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि महिला की हालत में सुधार के बाद उसकी काउंसलिंग भी कराई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

