आईआईटी दिल्ली कैंपस में 31 वर्षीय छात्र ने छठी मंजिल से कूदकर दी जान
नई दिल्ली, 22 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण पश्चिम जिले के आईआईटी कैंपस में शनिवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब 31 वर्षीय एमएससी फिजिक्स के छात्र ने लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल छात्र को आईआईटी के कैंपस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। छात्र के पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8:33 बजे किशनगढ़ थाना पुलिस को पीसीआर कॉल मिली थी। कॉल में आईआईटी दिल्ली परिसर में एक छात्र के इमारत से कूदने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तब तक छात्र को आईआईटी दिल्ली के कैंपस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि छात्र सुबह करीब 8 बजे आईआईटी दिल्ली के मुख्य गेट से परिसर में दाखिल हुआ था। इसके बाद वह लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स पहुंचा। यहां उसने लिफ्ट से इमारत की छठी मंजिल तक पहुंचने के बाद सामने की तरफ से नीचे छलांग लगा दी। गिरने के कारण छात्र को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना के बाद क्राइम टीम और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की परिस्थितियों की भी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच में छात्र के शरीर पर गिरने से लगी चोटों के अलावा किसी अन्य चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौके या छात्र के पास से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। उसकी जेब से एक मोबाइल फोन मिला है। पुलिस मोबाइल की जांच कर यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि घटना से पहले छात्र की गतिविधियां क्या थीं और उसने किसी से बातचीत की थी या नहीं। पुलिस आईआईटी प्रशासन से छात्र से संबंधित काउंसलिंग रिकॉर्ड और अन्य जरूरी जानकारी भी हासिल कर रही है। छात्र की मौत के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

