जबलपुर : चरगवां के पास पुल की रेलिंग से लटका मिला युवक का शव
जबलपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में चरगवां थानांतर्गत एक गांव के पास स्थित पुल पर लिक्खा ठाकुर का शव रेलिंग से लटका मिला। बुधवार सुबह रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल चरगवां थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
घटना के बाद मृतक के परिजनों और परिचितों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मृतक की पारिवारिक परिस्थितियों और हालिया गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है। घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

