पड़ोसियों के विवाद में किराना दुकानदार की हत्या, दो घायल
नई दिल्ली, 05 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी जिले के सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र में शनिवार रात पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। शकुरपुर इलाके के संजय पार्क, के-ब्लॉक में हुई इस घटना में 50 वर्षीय किराना दुकानदार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 9:10 बजे पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली कि शकुरपुर के संजय पार्क इलाके में पड़ोसियों के बीच झगड़ा हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में राजकुमार (50), जो इलाके में किराना दुकान चलाते थे, को कई बार चाकू मारा गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य लोग भी इस झगड़े में घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव टीम के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस के अलावा क्राइम टीम और एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इस मामले में सुभाष प्लेस थाने में एफआईआर संख्या 177/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की पहचान कर ली गई है। कुछ आरोपित घायल बताए जा रहे हैं और उनका उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे आपसी विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएं और गुस्से में आकर कानून हाथ में न लें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

