राजगढ़ः भैंस चोरी के आरोपितों को पेश करने के बदले रिश्वत मांगने के मामले में एसआई समेत 3 पर केस दर्ज
राजगढ़, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भैंस चोरी के मामले में आरोपितों को पेश करने के बदले दो लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में सोमवार को लोकायुक्त भोपाल की टीम ने कालीपीठ थाना पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की। शिकायत के सत्यापन के बाद सब इंस्पेक्टर मीणा, होमगार्ड सैनिक रईस खान और एक निजी व्यक्ति के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
लोकायुक्त टीम रिश्वत लेते पुलिसकर्मियों को रंगे हाथों पकड़ने पहुंची थी, लेकिन कार्रवाई की भनक लगने के कारण वे मौके पर नहीं पहुंचे। टीम को करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। ग्राम मगन्याखेड़ी निवासी राजाराम तंवर ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की थी कि उनके रिश्तेदारों की भैंस चोरी हो गई थी। उन्होंने चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रात में ही छोड़ दिया। बाद में पुलिसकर्मियों ने दोनों भैंस वापस दिलाने का भरोसा दिया। इनमें से एक भैंस वापस मिल गई, जबकि दूसरी अब तक नहीं मिली।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद भैंस मालिकों के रिश्तेदारों के खिलाफ ही अपहरण का मामला दर्ज कर दिया गया। इसी मामले में आरोपितों को पेश करने के बदले पुलिसकर्मियों ने पहले सात लाख रुपये मांगे और बाद में दो लाख रुपये में सौदा तय हुआ। इसमें से 50 हजार रुपये पहले दिए जा चुके थे, जबकि डेढ़ लाख रुपये देना बाकी था।
लोकायुक्त निरीक्षक रजनी तिवारी के अनुसार, शिकायत के सत्यापन के बाद सोमवार 23 नवंबर को टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी। फरियादी को गुना रोड पर कालीपीठ मार्ग के नजदीक नमकीन की दुकान पर रिश्वत की रकम देने बुलाया गया था। टीम पहले से मौके पर मौजूद थी, लेकिन एसआई और उनके साथी रिश्वत लेने नहीं पहुंचे। लोकायुक्त ने रिश्वत मांगने की शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले का सत्यापन और जांच जारी है। शिकायतकर्ता ने पूरे थाने के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

