दरोगा से भिड़ी महिला, वर्दी फाड़ दी, लेखपाल को धमकाया
बांदा, 14 जुलाई (हि.स.)। समाधान दिवस में हुई शिकायत का निस्तारण कराने गांव पहुंचे दरोगा और महिला लेखपाल से अतिक्रमण कारी भिड़े गए। लेखपाल को जान से मारने की धमकी देने और दरोगा के साथ अभद्रता कर वर्दी फाड़ने का आरोप है। लेखपाल की तहरीर पर आरोपियों के विरुद्ध गिरवा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
समाधान दिवस में ग्रामीणों ने खेरवा गांव के चकमार्ग में अतिक्रमण हटवाने की मांग की थी। उपजिलाधिकारी के आदेश पर हल्का लेखपाल मंजुलिका गिरवां थाना के उपनिरीक्षक अनवर खान और पुलिस फोर्स के साथ विगत 08 जुलाई को अतिक्रमण हटवाने गए थे। आरोप है कि इस दौरान अतिक्रमण कारी रामरतन व उसकी पत्नी ललती लेखपाल और पुलिस के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए विरोध करने लगे। यह देख उप निरीक्षक रामरतन को अपनी सरकारी जीप में बैठाकर विरोधात्मक कार्यवाही के लिए थाने लाने का प्रयास करने लगे यह देख इसकी पत्नी आक्रामक हो गई और दरोगा से भिड़ गई । आरोप है कि इस दौरान दरोगा की वर्दी भी फाड़ दी । विवाद के दौरान दरोगा जमीन पर गिर गए ।
लेखपाल मंजुलिका गुप्ता की तहरीर पर गिरवा थाना पुलिस ने आरोपी रामरतन इसकी पत्नी ललती और महेश पुत्र मिश्रीलाल के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने , अपराधिक धमकी देने व अपमानित करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है । लेखपाल ने अपनी तहरीर में बताया है कि खेरवा गांव की गाटा संख्या 152/271 रकबा 0.028 हेक्टेयर चक रोड के खाते में दर्ज है इसकी पैमाइश के दौरान उपरोक्त लोगों ने अवरोध उत्पन्न किया है ।
इधर मंगलवार को खेरवा गांव के रामरतन व इसकी पत्नी ललती ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है । आरोप लगाया है कि हल्का लेखपाल और दरोगा ने उन दोनों के साथ मारपीट करते हुए गालियां दी हैं और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया है । दोनों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की मांग की है ।
इधर क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने बताया है कि चक रोड की पैमाइश करने संयुक्त टीम के साथ रामरतन आदि ने अभद्र व्यवहार कर अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया है साथ ही जान से मारने की धमकी दी है । मौके पर मौजूद उपनिरीक्षक द्वारा विरोध करने व निरोधात्मक कार्यवाही के लिए थाने ले जाने का प्रयास किया गया तो इसकी पत्नी दरोगा को पीछे से पकड़कर जमीन पर गिरा दिया व वर्दी भी फाड़ दी । क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार द्वारा मामले की जांच की जा रही है ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

