home page

जबलपुर: प्राचार्य के सामने छात्र ने महिला शिक्षिका को दी धमकी, वीडियो वायरल

 | 
जबलपुर: प्राचार्य के सामने छात्र ने महिला शिक्षिका को दी धमकी, वीडियो वायरल


जबलपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा विकासखंड के मढ़ा परसवा स्थित एक स्कूल का कथित वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विद्यालय की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। वीडियो में एक छात्र अपनी ही स्कूल की महिला शिक्षिका से कथित तौर पर अभद्र तरीके से बात करते हुए उन्हें धमकाता नजर आ रहा है।

वायरल वीडियो में छात्र महिला शिक्षिका को हाथ दिखाते हुए चुनौती देता दिखाई दे रहा है और कथित तौर पर कहता है, “यदि लड़की न होती तो बताता तुमको…”। बताया जा रहा है कि यह पूरा घटनाक्रम स्कूल के प्राचार्य की मौजूदगी में हुआ।

आरोप है कि घटना के दौरान प्राचार्य छात्र को न तो डांटते दिखाई दिए और न ही उसे समझाने का कोई प्रभावी प्रयास किया गया, जिससे विद्यालय के अनुशासन और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि विद्यालय में शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ इस तरह का व्यवहार किया जाएगा और अनुशासनहीनता पर तत्काल कार्रवाई नहीं होगी, तो इसका शिक्षण व्यवस्था और अन्य विद्यार्थियों पर क्या प्रभाव पड़ेगा।

हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है। मामले में विद्यालय प्रबंधन और शिक्षा विभाग का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक