home page

रेलवे ट्रैक किनारे मिला छात्र का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

 | 
रेलवे ट्रैक किनारे मिला छात्र का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


पूर्णियां, 07 अप्रैल (हि.स.)।

पूर्णिया में एक ग्रेजुएशन छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक का शव सदर थाना क्षेत्र के हनुमान बाग के पास रेलवे पटरी किनारे मिला। शरीर पर ताजा चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

मृतक की पहचान रामबाग निवासी अजय झा के 22 वर्षीय पुत्र विशाल झा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बड़हरा कोठी थाना क्षेत्र के भटोतर गांव का रहने वाला था और रामबाग स्थित एसएनएसवाई डिग्री कॉलेज में ग्रेजुएशन फर्स्ट ईयर का छात्र था।

परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम करीब 8 बजे विशाल घर से यह कहकर निकला था कि वह जल्द लौट आएगा, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आया। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। जब परिवार ने कॉल किया तो उसका मोबाइल घर में ही मिला। इसके बाद रात करीब 10 बजे से परिजनों ने दोस्तों, रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

मंगलवार सुबह जीआरपी पुलिस से रेलवे ट्रैक के किनारे एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान विशाल के रूप में की। परिजनों का आरोप है कि उसके शरीर पर मारपीट के कई निशान थे, जिससे यह प्रतीत होता है कि उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। घटनास्थल पर नशीले पदार्थों के रैपर भी मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पहले उसकी पिटाई की गई और फिर हत्या कर शव को ट्रैक के पास फेंक दिया गया, ताकि इसे हादसा या आत्महत्या का रूप दिया जा सके।

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन क्षेत्राधिकार को लेकर कुछ देर तक भ्रम की स्थिति बनी रही, जिसके कारण करीब तीन घंटे तक शव वहीं पड़ा रहा। बाद में के.हाट थाना पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति स्पष्ट हुई और आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

केहाट थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह